प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

समस्तीपुर: 3 दिन से लापता युवक का शव मिला

समस्तीपुर में तीन दिनों से लापता युवक का घर के पीछे गड्ढे में मिला शव, 4 माह पहले हुई थी शादी

समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र अंतर्गत नौआचक पंचायत के वार्ड संख्या-2 में उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के पीछे झाड़ियों के बीच पानी से भरे गड्ढे में एक युवक का शव मिला।

समस्तीपुर में तीन दिनों से लापता युवक का घर के पीछे गड्ढे में मिला शव 4 माह पहले हुई थी शादी

Samastipur: Missing Man Body Found After 3 Days, Married 4 Months Ago |

समस्तीपुर: समस्तीपुर जिले के सरायरंजन थाना क्षेत्र अंतर्गत नौआचक पंचायत के वार्ड संख्या-2 में उस समय सनसनी फैल गई, जब घर के पीछे झाड़ियों के बीच पानी से भरे गड्ढे में एक युवक का शव मिला। मृतक की पहचान कन्हैया झा के 20 वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार के रूप में की गई है, जो 21 अक्टूबर से लापता था। तीन दिनों बाद उसका शव मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल सका है।

गुमशुदगी की शिकायत के बाद भी नहीं मिला था सुराग

परिजनों ने बताया कि आदित्य के अचानक लापता होने के बाद उसकी काफी तलाश की गई थी। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में खोजबीन करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सरायरंजन थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी। शनिवार को घर के पीछे झाड़ियों के पास पानी भरे गड्ढे में शव दिखने की जानकारी ग्रामीणों को मिली। इसके बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने शव की पहचान कर पुलिस को इसकी सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। शव मिलने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।

डॉग स्क्वायड बुलाने और निष्पक्ष जांच की मांग

ग्रामीणों ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही डॉग स्क्वायड बुलाकर घटनास्थल की जांच कराने की मांग की। लोगों का कहना था कि युवक कई दिनों से लापता था, ऐसे में उसकी मौत की वजह का पता लगाया जाना चाहिए। आदित्य के पिता कन्हैया झा लुधियाना में मजदूरी करते हैं। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है। दो भाइयों में बड़ा आदित्य महज चार महीने पहले ही शादी के बंधन में बंधा था। कम उम्र में उसकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद

फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द मामले का खुलासा करने और जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि युवक का शव बरामद किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें: बारिश और आंधी ने बर्बाद की धान की फसल, कम पैदावार से किसानों पर गहराया आर्थिक संकट

Related to this topic: