बिहार के औरंगाबाद जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है।
औरंगाबाद {बिहार}: बिहार के औरंगाबाद जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुटुंबा थाना क्षेत्र में सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली 15 साल की छात्रा को कार सवार तीन युवकों ने कथित तौर पर अगवा कर चलती कार में सामूहिक दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। करीब 6 घंटे तक बंधक बनाए रखने के बाद आरोपियों ने उसे घर से करीब एक किलोमीटर दूर देवरिया नहर के पास फेंक दिया और फरार हो गए। घटना के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
मां ने अस्पताल बुलाया था
घटना सोमवार दोपहर की है। पीड़िता की मां अपने छोटे बच्चों को दिखाने के लिए कुटुंबा रेफरल अस्पताल गई थी। उसने फोन कर अपनी बड़ी बेटी को भी अस्पताल बुलाया था। मां की बात सुनकर नाबालिग छात्रा दोपहर करीब 12 बजे पैदल ही अस्पताल के लिए निकली। जैसे ही वह कुटुंबा थाना क्षेत्र के देवरिया नहर के समीप पहुंची, वहां पहले से घात लगाए बैठे कार सवार तीन युवकों ने उसे रोक लिया। आरोपियों ने अस्पताल छोड़ने के बहाने उसे जबरन कार में बैठा लिया और तेज रफ्तार में वहां से निकल गए।
करीब 6 घंटे तक कार में रखा
परिजनों के अनुसार, कार में सवार होने के बाद आरोपियों ने छात्रा के साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। आरोपियों ने करीब 6 घंटे तक उसे कार में ही बंधक बनाकर रखा और इधर-उधर घुमाते रहे। पीड़िता के पिता ने बताया कि बाद में आरोपी उसकी बेटी की हत्या करने की योजना बना रहे थे। जब पीड़िता ने रोते हुए किसी को कुछ नहीं बताने की कसम खाई और छोड़ देने की गुहार लगाई, तब जाकर आरोपी उसे शाम के समय उसी देवरिया नहर के पास छोड़कर भाग निकले।
घर पहुंचकर परिजनों को बताई आपबीती
किसी तरह हिम्मत जुटाकर पीड़िता अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। पीड़िता के पिता मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना के समय वह काम पर गए हुए थे। बेटी की बात सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और उन्होंने तुरंत कुटुंबा थाना पुलिस को सूचना दी।
एसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसपी उपेन्द्र नाथ वर्मा खुद सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें न्याय का भरोसा दिलाया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी ने तत्काल एसडीपीओ के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन कर मामले की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी का आदेश दिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।
यह भी पढ़ें: पत्नी को स्कूल छोड़ने जा रहा था पति, रास्ते में दोनों की दर्दनाक मौत, मची चीख-पुकार