प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

पुलिस मुठभेड़ में चार आरोपी गिरफ्तार

फायरिंग करने वालों से पुलिस की मुठभेड़, चार आरोपी गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली

हाथरस में फायरिंग के बाद पुलिस की कार्रवाई, मुठभेड़ में एक आरोपी घायल, तीन अन्य गिरफ्तार। SOG और पुलिस टीम ने चारों को पकड़ा।

फायरिंग करने वालों से पुलिस की मुठभेड़ चार आरोपी गिरफ्तार एक के पैर में लगी गोली

Four Accused Arrested After Police Encounter, One Shot in Leg |

हाथरस {उत्तर प्रदेश}: हाथरस के थाना हाथरस जंक्शन क्षेत्र के नगला इमलिया में हुई फायरिंग की घटना के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। एसओजी टीम और थाना हाथरस जंक्शन पुलिस की संयुक्त टीम ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया है, जबकि कांबिंग के दौरान तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है।

गाली-गलौज के बाद हवाई फायरिंग का आरोप

पुलिस के मुताबिक, 14/15 सितंबर की रात नगला इमलिया में अरविंद अपने कुछ साथियों के साथ एक व्यक्ति के घर पहुंचा था। आरोप है कि वहां गाली-गलौज करने के बाद आरोपियों ने हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर थाना हाथरस जंक्शन में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमें गठित

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया। एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया था। पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर की देर रात को सूचना मिली कि फायरिंग की घटना में शामिल आरोपी कहीं जाने की फिराक में हैं। सूचना के आधार पर एसओजी और थाना हाथरस जंक्शन पुलिस ने लखन गेस्ट हाउस के पास बोझिया जाने वाले बंबे के अंडरपास पर घेराबंदी की।

जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में लगी गोली

पुलिस का कहना है कि इसी दौरान आरोपी अरविंद से मुठभेड़ हुई। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी फायरिंग में अरविंद के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं कांबिंग के दौरान उमेश मीना, दिनेश उर्फ दिन्ना और संजय को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

चार तमंचे और बाइक बरामद करने का दावा

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार तमंचे 315 बोर, तीन जिंदा और तीन खोखा कारतूस तथा घटना में प्रयुक्त अपाचे और स्प्लेंडर बाइक बरामद करने का दावा किया है। मामले में पुलिस द्वारा आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें: बिजनौर में पति-पत्नी की मौत का खुलासा, पत्नी की गला घोंटकर हत्या के बाद पति ने पेड़ से लटककर दी जान

Related to this topic: